गोरखपुर। एम्स थाने की पुलिस ने पूर्व बीडीसी विपिन पासवान की हत्या में अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विपिन का आए दिन झगड़ा होता था, साथ ही आशनाई का भी चक्कर सामने आया है। दोनों ही बिंदुओं पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पिता दीनानाथ की तहरीर पर एम्स थाने में देर शाम केस दर्ज कर किया गया।
उधर, पोस्टमार्टम के बाद रिपोर्ट में मौत का कारण सिर में गहरी चोट आई है। आशंका जताई जा रही है कि शव के पास मिली छेनी से ही उसके सिर पर वार किया गया है। पुलिस के अनुसार, सोमवार को वह अपने पिता के साथ देवाचावर माता मंदिर पर गया था। देर शाम सात बजे उसने पिता को यह कहते हुए घर भेज दिया कि वह कुछ देर बाद आ जाएगा। पिता उसे छोड़कर घर चले आए। परिजन देर रात तक उसके घर आने का इंतजार करते रहे लेकिन जब रात में वह वापस नहीं आया। परिवार के लोग भी रात में सो गए। पुलिस ने विपिन के मोबाइल नंबर के सीडीआर के जरिए गुत्थी सुलझानी शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।
पुलिस की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार
पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार शाम को विपिन का शव घर पहुंचा। वहां पहले से पुलिस तैनात थी। शव घर पहुंचते ही लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। हत्या से कई लोगों ने नाराजगी भी जताई। लेकिन परिजन थोड़ी ही देर बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर निकल गए। पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया।