डूब क्षेत्र में निर्माण के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई कर रहा जीडीए
रविवार को रामगढ़ताल और राजघाट क्षेत्र में की गई कार्रवाई
गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने रविवार को भी राप्ती नदी के डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई जारी रखी। साप्ताहिक अवकाश के बावजूद प्रवर्तन टीम ने मलौनी बांध क्षेत्र के सेंदुली बेंदुली में लगभग दो एकड़ में की गई अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया। जलभराव होने के कारण कार्रवाई में दिक्कतें आईं लेकिन टीम ने इसे सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में प्रवर्तन स्टाफ, जिला प्रशासन की ओर से नामित मजिस्ट्रेट और क्षेत्रीय पुलिस मौजूद रही। मौके पर सहायक अभियंता राज बहादुर सिंह, ज्योति राय, संजीव कुमार तिवारी, अनिल कुमार और अवर अभियंता मनीष त्रिपाठी, दीपक कुमार गुप्ता, प्रभात कुमार, शोभित कुमार कन्नौजिया और सजू साव भी मौजूद रहे।
टीम ने संजय यादव की ओर से की गई अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया। इससे पहले शनिवार को भी मलौनी बांध क्षेत्र के गायघाट बुजुर्ग, झरवा और कठऊर में कार्रवाई की गई थी। लगातार पांच दिनों से चल रही इस मुहिम के तहत डूब क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माणों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।
प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह ने स्पष्ट किया कि राप्ती नदी के डूब क्षेत्र में किसी भी प्रकार का मानचित्र जीडीए की ओर से स्वीकृत नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध प्लाटिंग और निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।