सुबह आठ से 11 बजे की पाली में आयोजित थी परीक्षा
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में बुधवार को बैक की परीक्षा में अव्यवस्था सामने आई। निर्धारित समय पर प्रश्नपत्र न पहुंचने के कारण सुबह की पाली में होने वाली परीक्षा को दोपहर में आयोजित करना पड़ा। इससे छात्रों को पूरे दिन विश्वविद्यालय परिसर में समय बिताना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, सुबह आठ से 11 बजे तक की पाली में बीएड, एमए अंग्रेजी और बीसीए की बैक की परीक्षा होनी थी। इन परीक्षाओं के लिए कुल 25 छात्र-छात्राएं निर्धारित परीक्षा केंद्र दीक्षा भवन पहुंचे, लेकिन वहां समय पर प्रश्नपत्र नहीं पहुंचा। परीक्षा देने आए छात्र इंतजार करते रहे और जब निर्धारित समय बीतने लगा तो वे सवाल उठाने लगे। केंद्राध्यक्ष ने स्थिति की सूचना विश्वविद्यालय प्रशासन को दी। इस पर डीडीयू प्रशासन ने तत्काल निर्णय लेते हुए एक नोटिफिकेशन जारी किया कि अपरिहार्य कारणों से परीक्षा को दोपहर एक से चार बजे की पाली में स्थानांतरित किया गया है। दूर-दराज के क्षेत्रों से आए छात्रों का पूरा दिन विश्वविद्यालय में ही बीत गया।