गोरखपुर। लोकसभा चुनाव में मतदान कराने के लिए ईवीएम और मतदान सामग्री लेने पहुंचे मतदानकर्मी गर्मी में परेशान हो गए। तीखी धूप में बैठने के लिए कुर्सियां नहीं मिलीं तो पेड़ के नीचे बैठ गए। कई महिलाएं भी थक कर घास पर ही बैठकर काम निपटाने लगीं। पेड़ की छांव मिली तो कुछ मतदानकर्मी आराम करने लगे। बावजूद इसके लोकतंत्र के पर्व में मतदान कराने के लिए उत्साह के साथ गए।
गोरखपुर विश्वविद्यालय के संवाद भवन में दोपहर में मतदानकर्मी पहुंचने लगे तो भीड़ बढ़ गई। कुछ मतदानकर्मी दस्तावेज और ईवीएम लेकर पीठासीन अधिकारी को खोजते नजर आए, तो कुछ का कहना था कि एक गाड़ी में छह टीम जानी है, गाड़ी तैयार है, दो पार्टियों का पता नहीं चल रहा है। जिस स्थान से ड्यूटी लगाई जा रही थी, वहीं सूचनाएं भी माइक से प्रसारित की जा रही थीं।
बेलघाट जाने वाले एक मतदानकर्मी पहुंचे और बोले-साहब गाड़ी में सभी लोग बैठ गए हैं। एक पोलिंग पार्टी का पता नहीं चल रहा है। सूचना प्रसारित की गई तो कुछ देर बाद मतदानकर्मी पहुंचे। रमवापुर मतदान केंद्र पर जाने के लिए एक पोलिंग पार्टी में शामिल महिला और दो और लोग जमीन पर बैठ गए और कागजाताें का मिलान करने लगे।
संवाद भवन में अतिरिक्त मतदानकर्मी भी बुलाए गए थे। कई बूथों पर जिनकी ड्यूटी लगी थी, वे नहीं आए तो रिजर्व रखे गए मतदानकर्मियों को भेजा गया।