स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त दीपावली के लिए गोरखपुर नगर निगम का एक्शन प्लान
गोरखपुर। दीपावली पर वायु प्रदूषण की आशंकाओं को देखते हुए नगर निगम ने स्वच्छता और वायु गुणवत्ता नियंत्रण के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। जहां बाजारों में रौनक चरम पर है, वहीं नगर निगम की टीमें शहर को स्वच्छ और धूलमुक्त बनाए रखने में जुटी हैं।
शहर की सड़कों पर मोबाइल वॉटर स्प्रिंकलर मशीनें, फॉग कैनन और पानी के टैंकर तैनात किए गए हैं। प्रमुख मार्गों पर सुबह-शाम नियमित छिड़काव किया जा रहा है ताकि उड़ती धूल को रोका जा सके। साथ ही मैकेनाइज्ड स्वीपिंग के जरिये बाजारों और मुख्य सड़कों की सफाई भी लगातार जारी है। धनतेरस पर बढ़ी भीड़ के चलते गोलघर, रेती रोड, असुरन चौक, मोहद्दीपुर और बीआरडी चौराहा जैसे बाजारों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। रात में भी सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
निगम ने स्पष्ट कहा है कि ठोस कचरा या सूखे पत्ते जलाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खाली प्लॉटों में कूड़ा फेंकने या जलाने वालों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने नागरिकों से अपील की है कि वे दीपावली पर स्वच्छता और पर्यावरण का ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि कूड़ा केवल डोर-टू-डोर गाड़ियों में दें और पटाखों का प्रयोग कम से कम करें ताकि वातावरण स्वच्छ और सांस लेने योग्य बना रहे।