गोरखपुर। शहर में कंपनी के काम से आए सीतापुर के व्यक्ति के साथ टप्पेबाजी हो गई। पैसे का लालच देकर आरोपी उन्हें एक पार्क में ले गए और चुपके से बैग में रखे 2.3 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। आरोपियों के जाने के बाद ठगे जाने का अहसास हुआ। बैग में कंपनी का रुपया था। कैंट पुलिस ने तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सीतापुर जिले के तम्बौर थानाक्षेत्र के नन्हुई निवासी अमरजीत हिंदुस्तान प्लाईवुड इंडस्ट्रीज में कार्यरत हैं। वह कंपनी के काम से गोरखपुर आए थे। 14 दिसंबर शनिवार को बैंक रोड स्थित सैफ प्लाईवुड से कंपनी का 2.3 लाख (दो लाख तीन हजार) से अधिक रुपये से अधिक प्राप्त गए और एक बैग में रख लिया। इसके बाद वह पैदल ही चल दिए। मार्ट तक पहुंचे ही थे कि लाल रंग की ऑटो से उतरकर एक व्यक्ति आया और बातचीत शुरू कर दी। दोनों बात करते हुए आगे बढ़े और शिवाय होटल तक पहुंचे। यहां एक दूसरे व्यक्ति ने उनके सामने से कपड़े में बंधी कोई वस्तु उठाई और चला गया। थोड़ी देर बाद वही व्यक्ति फिर आया और बोला कि उसे गिरे हुए पैसे मिले हैं। उठाते हुए आप दोनों ने देख लिए हैं। इसलिए बंटवारा कर लेते हैं।
लालच में फंस गया कर्मचारी
पैसे के बंटवारे की बात सुनकर कर्मचारी लालच में फंस गया। इसके बाद एक लाल रंग की ऑटो में तीनों सवार हो गए। यहां से रीड साहब धर्मशाला के पास तीनों पहुंचे। पेट्रोल पंप के सामने बने पार्क में अंदर गए। कर्मचारी के अनुसार दोपहर एक बजे पार्क के भीतर बंटवारा करने का बहाना बनाया गया। रुपये रखने की बात कहकर उनका बैग लिया गया। बैग लेकर उन्होंने दो लाख रुपये निकाल लिए। इसके बाद वे चले गए। बाद में जब अपना बैग देखा तो ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद कैंट थाना पहुंचकर तहरीर दी।