पत्नी के दुकान में जाने पर कार में बैठे शिक्षक पति से बोला गिरा है सामान
बाहर दस का नोट और कागज गिरा था, देखने लगा युवक और पीछे की सीट से बैग लेकर फरार
गोरखपुर। कैंट इलाके के गोलघर में एक दुकान के पास कार से उचक्के बैग लेकर फरार हो गए। बैग में 15 हजार रुपये व पायल था। बताया जा रहा है कि एक युवक आकर बोला कि बाहर सामान गिरा है। शिक्षक पति कार के बाहर देखने लगा, तभी पीछे सीट पर रखा बैग लेकर सब फरार हो गए। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
जंगल धूसड़ के महादेवपुरम कॉलोनी निवासी विष्णु प्रताप पांडेय प्राइवेट स्कूल में शिक्षक हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि पत्नी शैलेंद्री पांडेय को लेकर सोमवार को कार से बाजार गए थे। शाम 7:15 बजे गोलघर स्थित वैल्यू प्लस के सामने कार खड़ी किए। पत्नी सामान लेने एक दुकान में गई और वे गाड़ी में बैठे रहे। तभी एक व्यक्ति सामने से आया और कार के शीशे पर नॉक करते हुए बताया कि आपका कुछ सामान गिरा है। उसके बाद वह वहां से चला गया। उसके जाने के बाद शिक्षक ने दरवाजा खोलकर देखा तो नीचे 10 रुपये का नोट और कुछ कागज गिरे हुए थे। उनका सामान नहीं था, इसलिए उन्होंने दरवाजा बंद कर दिलया। उसी दौरान कार की पिछली सीट पर रखा उनका व पत्नी का रखा बैग गायब हो गया। पत्नी के बैग में 15 हजार रुपये, दो जोड़ी पायल, आधार, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस आदि सामान थे।
दो घंटे बाद बैग मिला, सामान नहीं
घटना के दो घंटे बाद एक फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि उनका बैग गोलघर में उनकी दुकान के सामने गिरा है। उन्होंने वह बैग ले लिया। उसमें कुछ खास सामान नहीं था।
कोट-
पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
अभिनव त्यागी, एसपी सिटी