रामगढ़ताल इलाके में हुई घटना, शौचालय तोड़ने को लेकर हुआ विवाद
एक और आरोपी की तलाश में पुलिस, तमंचे से की गई फायरिंग
गोरखपुर। रामगढ़ताल इलाके के गोपलापुर में शौचालय तोड़ने के विवाद में मारपीट कर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शौचालय तोड़ने से मना करने पर महिला से मारपीट की गई और फिर तमंचे से फायर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान गोपलापुर निवासी अंकित मौर्या के रूप में हुई। पुलिस ने पूछताछ के बाद जिले भिजवा दिया। दूसरे आरोपी विकास यादव की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, गोपलापुर निवासी जय प्रकाश ने केस दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि सोमवार सुबह वह अपने मकान में निर्माण करा रहे रहे थे। पड़ोसी अंकित मौर्या, उनके भाई अभिषेक मौर्या, पुराने शौचालय को तोड़ने लगे। मना करने पर आरोपियों ने पत्नी के साथ मारपीट की। इससे उनके हाथ में चोटें आईं। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों के साथ आए विकास यादव ने तमंचे से फायरिंग कर दी। संयोग अच्छा था कि गोली नहीं लगी और जान बच गई। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई और मौके से एक खोखा भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि मारपीट के दौरान फायरिंग की गई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की छानबीन कर रही है।