दुकानदारों के पास आने लगे फोन, दुकानें बंद कर घर हुए रवाना
गोरखपुर। सीमा पर संघर्ष के बीच जैसे ही टीवी पर पाकिस्तान द्वारा जम्मू, जैसलमेर और अमृतसर पर हमले की खबरें प्रसारित होने लगीं, वैसे ही बाजारों में दुकान के शटर गिरने लगे। हर कोई अपने परिवार के पास पहुंचने की जल्दी में दुकानें बंद कर घरों को जाता दिखाई दिया। इससे बाजार में सन्नाटा पसर गया।
रात करीब 8:15 बजे शहर के गोलघर में ज्यादातर दुकानें खुली थीं। रात करीब 8:30 बजे जैसे ही टीवी चैनलों पर पाकिस्तान द्वारा जम्मू, जैसलमेर, अमृतसर आदि शहरों में हमले की खबर प्रसारित होने लगीं, गोलघर के चेतना तिराहे के समीप दुकानें बंद होने लगीं।
दुकान बंद कर रहे प्रभात शर्मा ने बताया कि भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष की खबर अभी-अभी टीवी पर देखी है। अब परिवार के बीच घर जा रहा हैं। गोलघर के समीप कपड़े की दुकान बंद कर रहे विजय सिंह ने बताया कि घर से फोन आया कि जल्दी आ जाइए, भारत-पाकिस्तान युद्ध शुरू हो गया है। अब घर जा रहे हैं। घर पर लोग घबराए हुए हैं।
चेतना तिराहे के समीप स्थित टीवी की दुकान बंद होने जा रही थी। जैसे ही टीवी पर पाकिस्तान के हमले से संबंधित खबर चलनी शुरू हुई, यहां आसपास से गुजर रहे लोगों के कदम वहीं ठहर गए। लोग यहां रुककर युद्ध की खबरें देखने लगे। शहर के टाउनहॉल, बैंक रोड, विजय चौक, आर्यनगर, बक्शीपुर, असुरन चौक में भी लोग दुकानें बंद करते हुए दिखाई दिए।