अफवाहों से बचें: एयरपोर्ट पर भी सुरक्षा के किए गए पुख्ता इंतजाम, सभी थाना क्षेत्रों में चली रातभर चेकिंग
गोरखपुर। सीमा पर भारत-पाकिस्तान के बीच भीषण संघर्ष को देखते हुए बृहस्पतिवार रात से ही जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। वहीं जिले में अफवाह न फैले, इसको लेकर खुफिया विभाग भी अलर्ट मोड में आ गया। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पूरी रात चेकिंग चली और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में गश्त कर पुलिस ने आमजन को सुरक्षा का अहसास दिलाया।
एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, वर्तमान की परिस्थितियों व संवेदनशीलता को देखते हुए नागरिक सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) की ओर से दिए गए दिशा-निर्देश के संबंध में सभी कर्मचारियों व अधिकारियों को ब्रीफ किया गया। आपात स्थितियों में निपटने के लिए जरूरी बातें बताई गईं। साथ ही एयरपोर्ट के अंदर और बाहर दोनों ही जगह सुरक्षा बढ़ा दी गई। रात का अंधेरा बढ़ते ही एयरपोर्ट के आस-पास अंधेरा छा गया।
नवागत एसएसपी राज करन नैय्यर ने रात 10 बजे सभी एसपी, सीओ और थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर वर्तमान समय की स्थिति को देखते हुए आवश्यक निर्देश दिए। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए। अफवाह न फैले, इसके लिए साइबर थाना, साइबर सेल और पुलिस की मीडिया सेल को अलर्ट रहने के लिए कहा। ये तीनों टीमें 24 घंटे सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म पर सक्रिय रहकर निगरानी करने को कहा। साथ ही आमजन को सुरक्षा के साथ ही आपात स्थितियों से निपटने के लिए जागरूक करने का भी निर्देश दिया।
देर रात शुरू हो गई चेकिंग, नेपाल के तरफ से आ रहे वाहनों की तलाशी
एसएसपी की बैठक के बाद देर रात 11 बजे जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अचानक चेकिंग शुरू कर दी गई। हाईवे और शहर की मुख्य मार्ग से होकर गुजरने वाले हर वाहनों को रोककर उनकी अच्छे से तलाशी ली गई। आबादी वाले इलाकों में देर रात तक पुलिस की गाड़ियाें के सायरन बजते रहे। बाइक व पीआरवी की गाड़ियां भी राउंड मारती रहीं। शहर के अंदर जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थीं। हैवी वाहनों को रोककर भी तलाशी ली गई। वहीं नेपाल बॉर्डर से सटे महराजगंज के रास्ते आने-जाने वाले वाहनों की पुलिस की विशेष नजर रही। इसके लिए गुलरिहा थाना क्षेत्र की मेडिकल कॉलेज रोड व चिलुआताल क्षेत्र के बरगदवां चौकी के पास बैरिकेडिंग की गई थी।
रेलवे स्टेशन व बस अड्डे पर भी अलर्ट दिखी पुलिस
रात के समय रेलवे स्टेशन व बस अड्डे पर भी पुलिस फोर्स अलर्ट मोड में दिखी। रेलवे स्टेशन पर जीआरपी व आरपीएफ की संयुक्त टीम बम निरोधक दस्ते के साथ सभी प्लेटफाॅर्म पर राउंड मारती रही। वहीं संदिग्ध दिखने वाले व्यक्ति के बैग से लगायत आधार कार्ड की जांच की गई। इसी तरह रेलवे बस अड्डे और कमिश्नर ऑफिस के सामने कचहरी बस स्टेशन पर भी सुरक्षाकर्मी अलर्ट मोड में दिखे। डॉग स्क्वॉड टीम व बम निरोधक दस्ता भी सक्रिय दिखा।
गोरखनाथ मंदिर की भी बढ़ी सुरक्षा
देर रात गोरखनाथ मंदिर की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई। यहां सभी सुरक्षकर्मियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने भी निरीक्षण कर सुरक्षा का जायजा लिया।
-
कोट-
एयरफोर्स के साथ ही शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। रात के समय गश्त के साथ ही सड़कों पर चेकिंग भी चल रही है। किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
-अभिनव त्यागी, एसपी सिटी