गाड़ी पर बैठाने की कोशिश भी की, शाहपुर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को पकड़ा
आरोपी सिद्धार्थनगर के संदीप पांडेय को पूछताछ कर पुलिस ने भिजवाया जेल
पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर इलाके के असुरन स्थित एक कोचिंग सेंटर से बृहस्पतिवार शाम घर जा रही छात्रा से शोहदे ने छेड़खानी की। उसका हाथ पकड़ कर बाइक पर बिठाने की कोशिश की। छात्रा ने विरोध किया तो शोहदा अपना मोबाइल नंबर देकर भाग गया। डरी सहमी छात्रा घर पहुंची और पूरी घटना अपनी बहन से बताई। पीड़ित छात्रा की तहरीर पर शाहपुर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी सिद्धार्थ नगर निवासी संदीप पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया है।
शाहपुर इलाके की एक छात्रा असुरन स्थित एक कोचिंग सेंटर में पढ़ती हैं। बृहस्पतिवार शाम छह बजे वह कोचिंग से घर जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में बाइक सवार एक युवक छात्रा को रोककर छेड़खानी करते हुए हाथ पकड़ लिया। इसके बाद बाइक पर बैठने की कोशिश करने लगा। छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी अपना मोबाइल नंबर उसके पास फेंक कर भाग गया।
छात्रा के जीजा से भी की मारपीट
पीड़ित की बहन ने बताया कि उसी दिन छात्रा शाम 7:30 बजे अपने जीजा के साथ कहीं जा रहीं थी। तभी आरोपी युवक दिखा तो उसने जीजा को बताया। छात्रा के जीजा ने रोककर पूछताछ की तो आरोपी ने उनसे भी मारपीट कर ली। बीच बचाव करने के बाद छात्रा ने महिला हेल्पलाइन और शाहपुर पुलिस को घटना की जानकारी दी। शाहपुर थाना प्रभारी नीरज राय ने बताया कि तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद उसे जेल भिजवा दिया।