12 किलो लीटर प्रतिदिन होगी क्षमता, विवेकानंद छात्रावास के पीछे शुरू हुआ निर्माण
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में 12 किलो लीटर प्रति दिन क्षमता का अत्याधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित किया जा रहा है। प्रदेश सरकार के सहयोग से विवेकानंद छात्रावास के पीछे लगभग 36 गुणा 50 मीटर क्षेत्रफल में इसका निर्माण शुरू हो गया है। इसके लिए कुल 6.11 करोड़ रुपये स्वीकृत किया गया है।
इस प्लांट में एसटीपी पंपिंग रूम, कलेक्शन टैंक, सक्रिय कीचड़ टैंक, प्लांट बेड्स और ट्रीटेड वाटर टैंक जैसी व्यवस्थाएं शामिल होंगी। कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड को निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीडीयू प्रशासन के मुताबिक, यह परियोजना राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी, क्योंकि यह संयुक्त राष्ट्र के कई सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूप है। यह परियोजना विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए एक लाइव डेमो यूनिट के रूप में कार्य करेगी।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने बताया कि यह एसटीपी न केवल परिसर को स्वच्छ और हरित बनाएगा बल्कि सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विश्वविद्यालय सतत विकास को अपनी प्राथमिकता मानता है।