राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत होगा निर्माण
नौसड़ में बने शवदाह गृह पर पहुंच रहे क्षमता से अधिक पशु
गोरखपुर। नगर निगम शहर में पशुओं के शव का पर्यावरण अनुकूल दाह संस्कार कराने के लिए एक और शवदाह गृह का निर्माण कराएगा। कुल 11 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस शवदाह गृह के लिए जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया चल रही है। यह निर्माण राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के तहत प्रस्तावित है, जिस पर कुल 75 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
वर्तमान में एक शवदाह गृह एकला बंधे पर संचालित है लेकिन पशुओं की संख्या बढ़ने से मौत के मामलों में इजाफा हो रहा है। इसे देखते हुए 20 टन क्षमता वाले सीएनजी आधारित शवदाह गृह की डीपीआर तैयार की गई है। नगर निगम क्षेत्र में प्रतिदिन चार से छह छुट्टा पशुओं की मौत होती है, वहीं पालतू पशुओं के मौत का आंकड़े भी लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में लोगों द्वारा शवों को दफनाने की प्रथा पर्यावरण पर प्रतिकूल असर डाल रही है। सीएनजी आधारित शवदाह गृह इस समस्या का समाधान करेगा।
दो चौराहों का होगी सुंदरीकरण
योजना के तहत शहर के दो प्रमुख चौराहों का सुंदरीकरण भी कराया जाएगा। इसमें पौधे, फव्वारे और धूल रोकने की विशेष व्यवस्था होगी। पहले ही पांच जगहों- शास्त्री चौक, आंबेडकर चौक, छात्रसंघ, पैडलेगंज और नौसड़ के सुंदरीकरण की कार्ययोजना तैयार की जा चुकी है। महेसरा क्षेत्र में 25 एकड़ में इकोलॉजिकल पार्क (स्पॉन्ज पार्क) विकसित किया जाएगा। 49 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पार्क न केवल हरियाली बढ़ाएगा बल्कि वर्षा जल प्रबंधन, भूजल स्तर सुधार और जलभराव की समस्या को भी दूर करेगा। पार्क कार्बन डाइऑक्साइड कम करने और जैव विविधता संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाएगा।
कोट
पर्यावरण अनुकूल पशु शवदाह गृह के निर्माण पर 11 करोड़ रुपये खर्च होंगे। जमीन जल्द ही चिह्नित कर ली जाएगी। साथ ही दो चौराहों का चयन कर उनका सुंदरीकरण कराया जाएगा।
- दुर्गेश मिश्र, अपर नगर आयुक्त