गोरखपुर। एयरपोर्ट की तरह ही गोरखपुर रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी। इसके लिए यह व्यवस्था की जा रही है कि जिस रास्ते यात्री प्रवेश करेंगे, उधर से बाहर नहीं निकल सकेंगे। बाहर जाने के लिए उन्हें निकास द्वार का ही प्रयोग करना होगा। इसके अलावा आपात स्थिति के लिए वैकल्पिक रास्ते भी बनाए जाएंगे।
गोरखपुर स्टेशन के पुनर्विकास पर 498 करोड़ रुपये खर्च होंगे। गोरखपुर जंक्शन स्टेशन का पुनर्विकास आगामी 50 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। वर्तमान में करीब 93 हजार यात्री रोजाना इस स्टेशन से आते-जाते हैं जिसके अगले 50 साल बाद बढ़कर ढाई लाख हो जाने की संभावना है।
नए स्टेशन भवन में रूफ प्लाजा से प्लेटफॉर्मों और प्रवेश एवं निकास द्वार को 38 लिफ्ट, 22 एस्कलेटर एवं दो ट्रैवेलेटर के माध्यम से जोड़ा जाएगा। 300 वर्ग मीटर में टिकट खिड़कियां बनाई जाएंगी। स्टेशन परिसर में कंजेशन फ्री प्रवेश एवं निकास का प्रावधान किया जाएगा। दो मल्टीपरपज वाणिज्यिक टॉवर बनाए जाएंगे। इसमें मल्टीलेवल कार पार्किंग, बजट होटल, कामर्शियल शॉप बनाए जाएंगे।