पांच मई की घटना, मुख्य आरोपी को पहले ही पुलिस भिजवा चुकी जेल
गुलरिहा। इलाके में पांच मई की रात कैमरामैन का कैमरा व मोबाइल छीनने के आरोपी को पुलिस ने चाकू के साथ शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्र के ही एक बाग से गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलरिहा हरसेवकपुर निवासी शनि निषाद के रूप में हुई। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे जेल भिजवा दिया। लूट की साजिश रचने के आरोपी मुकेश साहनी को गुलरिहा पुलिस 10 मई को गिरफ्तार कर जेल भिजवा चुकी है।
गुलरिहा पुलिस के मुताबिक, महराजगंज जिले के पनियरा क्षेत्र के सोनबरसा निवासी अंकित गुप्ता महंगे कैमरे से शादी समारोह में फोटो शूट करते हैं। एक शादी में फोटो शूट के दौरान गुलरिहा क्षेत्र के हरसेवकपुर नंबर दो नरिया टोला निवासी मुकेश साहनी से मुलाकात हुई थी। मुकेश किराए पर कैमरा लेकर चलाता था। मुकेश को लगा कि उसके कैमरे से फोटो अच्छी नहीं आती। इसके बाद उसने अंकित का महंगा कैमरा लूटने की साजिश रची। उसने अंकित से पहले दोस्ती बनाई। पांच मई की रात शाहपुर के बिछिया काॅलोनी में एक शादी समारोह दोनों की मुलाकात हुई। कार्यक्रम खत्म होने के बाद मुकेश ने अंकित को शराब पीने के लिए राजी कर लिया। जैसे ही गांव के पास पहुंचा तो मुकेश अपना कैमरा घर में रखकर गांव के सचिन व उसके साथी को फोन कर दिया। योजना के मुताबिक, मुकेश और अंकित शराब पीने लगे तो उसी समय दो नकाबपोश बदमाश बाइक से आए। इसके बाद मुकेश को दो थप्पड़ मारकर नकली पिस्टल सटा दिए और अंकित का बैग समेत कैमरा छीनकर भाग गए थे।