चौरीचौरा में डिवाइडर से टकराई स्कूल बस।
एम्स थाना क्षेत्र के रामपुर 15 मील चौराहे पर हादसा
छुट्टी के बाद 40 बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी बस
सरदारनगर। एम्स थाना क्षेत्र के रामपुर 15 मील चौराहे पर शनिवार को एक स्कूल की बस का स्टेयरिंग अचानक फेल हो गया। गनीमत रही कि चालक की सूझबूझ से बस डिवाइडर से टकराकर रुक गई और बड़ा हादसा टल गया। बस में करीब 40 बच्चे सवार थे जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, स्कूल की बस छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। दोपहर में जैसे ही बस ने नेशनल हाईवे-28 के सर्विस लेन पर रामपुर 15 मील चौराहे से मोड़ लिया, उसी समय स्टेयरिंग फेल हो गया। चालक ने तत्परता दिखाते हुए बस को फोरलेन पर जाने से पहले ही डिवाइडर से सटाकर रोक दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि बस फोरलेन पर पहुंच जाती और वहां स्टेयरिंग फेल होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना से बच्चे सहम गए और अभिभावकों में भी दहशत का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने इस हादसे को आरटीओ विभाग की लापरवाही से जोड़ा। उनका कहना था कि शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच को लेकर विभाग गंभीर नहीं है।
लोगों ने कहा कि क्षेत्र में कई स्कूल डग्गामार वाहनों से बच्चों को ढो रहे हैं। इनमें से कई वाहनों के पास फिटनेस और परमिट तक नहीं हैं, फिर भी वे सड़कों पर बेखौफ दौड़ाए जा रहे हैं। नागरिकों ने मांग की है कि क्षेत्र के सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस और परमिट की जांच की जाए। इस संबंध में विद्यालय प्रशासन से पक्ष लेने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।