गोरखपुर। नागरिक सुरक्षा गोरखपुर के स्टाॅफ ऑफिसर सौरभ सिंह, डिवीजनल वार्डेन नैय्यर आलम व सहायक उपनियंत्रक नीरज श्रीवास्तव को राष्ट्रपति के हाथों सराहनीय सेवा पदक देकर सम्मानित किया जाएगा। जिसके लिए गृह मंत्रालय की ओर शनिवार को घोषणा कर दी गई है। इससे नागरिक सुरक्षा गोरखपुर के पदाधिकारियों में खुशी की लहर है।
नागरिक सुरक्षा गोरखपुर के उप नियंत्रक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि इन सभी की तरफ से नागरिक सुरक्षा के माध्यम से समाज के मध्य किए जा रहे सराहनीय कार्यों के दृष्टिगत जिलाधिकारी व नियंत्रक कृष्णा करुणेश ने भारत सरकार को पदक के लिए नाम भेजा था। जिलाधिकारी के सानिध्य में अब तक पांच पदक गोरखपुर को प्राप्त हो चुके हैं। यह हमारे लिए अत्यंत हर्ष का विषय है। इस पुरस्कार को देने की तिथि भी जल्द तय होगी।
वहीं पदक के लिए नाम घोषित होने पर तीनों पदाधिकारियों को जिलाधिकारी व नियंत्रक कृष्णा करुणेश, अपर जिलाधिकारी नगर अंजनी कुमार सिंह, उपनियंत्रक सत्य प्रकाश सिंह, वरिष्ठ सहायक उपनियंत्रक वेद प्रकाश यादव, चीफ वार्डेन डॉ.संजीव गुलाटी, डिप्टी चीफ वार्डेन डॉ. शरद श्रीवास्तव, डिवीजनल वार्डेन कोतवाली विकास जालान, डिवीजनल वार्डेन गोरखनाथ राजेश चंद्र चौधरी, डिवीजनल वार्डेन सिविल लाइंस अखिलेश ओझा सहित अन्य ने बधाई दी है।