जेल में बेल के नाम पर 40 लाख की ठगी का मामला
गैंगस्टर के गुर्गों ने भाई के खिलाफ गोरखनाथ और पिपराइच थाने में कराई थी झूठी शिकायत
कार्रवाई से बचने के लिए पूरे परिवार के खाते से निकलवा लिए थे रुपये
जेल में बंद गैंगस्टर विकास सिन्हा से जेल में पूछताछ के लिए आज होगी सुनवाई
गोरखपुर। जेल में बंद गैंगस्टर विकास कुमार सिन्हा का एक और कारनामा सामने आया है। गैंगस्टर ने सादिया के भाई अकबर अली के खिलाफ भी गुर्गों की मदद से गोरखनाथ और पिपराइच में झूठी शिकायतें करा दीं। फिर कार्रवाई से बचाने के नाम पर पूरे परिवार के खाते से रुपये निकलवा कर वसूल लिए। पुलिस अब केस दर्ज कर फर्जी शिकायत करने वालों की तलाश शुरू कर ही है। इधर, जेल में बंद गैंगस्टर विकास सिन्हा से जेल में पूछताछ के लिए आज कोर्ट में सुनवाई होगी।
पति की हत्या के मामले में जेल में बंद सादिया अंसारी की मुलाकात गैंगस्टर विकास कुमार सिन्हा, उसकी पत्नी रेखा सिंह व मां गीता सिंह से हुई थी। रेखा सिंह ने सादिया काे आश्वासन दिया कि उसके पति पेशे से वकील है, जिनकी पहुंच बड़े-बड़े अधिकारियों से है। हम लोग जल्द ही जेल से जमानत पर छूट जाएंगे। तुम्हारी भी जमानत कराते हुए केस से बरी करा देंगे। झांसे में आई सादिया ने अपने भाई गोरखनाथ के मुहल्ला-ईस्लामिया नगर रसूलपुर निवासी अकबर अली के जरिये करीब 25 लाख रुपये दे दिए। ये रुपये यूपीआई और फोन पे के जरिये विकास कुमार सिन्हा, उसकी पत्नी रेखा सिंह, भाई राहुल कुमार सिन्हा के खातों में भेजे गए थे। करीब आठ माह बीत जाने के बाद भी सादिया जेल से बाहर नहीं आई तो अकबर अली ने अपने रुपये की मांग की। इसके बाद विकास ने अपने गुर्गों के जरिये उसके खिलाफ गोरखनाथ और पिपराइच थाने में कई शिकायतें करा दी।
साजिश के तहत विकास की पत्नी रेखा और राहुल ने सुलह कराने के लिए रुपये की मांग शुरू कर दी। केस से बचने के लिए अकबर अली ने अपनी छोटी बहन मरियम के जेवरात बेतियाहाता के मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखकर 4.83 लाख रुपये का गोल्ड लोन लेकर रेखा को दे दिया। गोल्ड लोन लेने में भी विकास के ही गुर्गाें ने मदद की थी। फिर कैंसर पीड़ित पिता असगर के साथ धोखाधड़ी करके उनके खाते से रुपये निकाल लिए। मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वहीं, कार्रवाई की भनक लगते ही गैंग के सभी गुर्गे अपने मोबाइल बंद कर भाग गए हैं।
-
इन खातों से विकास के गुर्गों को भेजी गई रकम
अकबर अली की एसबीआई की शाखा धर्मशाला बाजार, एचडीएफसी बैंक शाखा राजेंद्र नगर, पिता असगर के एसबीआई की धर्मशाला शाखा, बहन सादिया अंसारी के एसबीआई की शाखा गोरखनाथ, बहन मरियम के एसबीआई की शाखा धर्मशाला के खाते से कुल 32 लाख, 45 हजार, 80 हजार रुपये भेजे गए। इसके अलावा 8 लाख रुपये नकद दिए गए थे। पुलिस आरोपियों के खातों को फ्रीज करने के लिए संबंधित बैंकों से पत्राचार भी कर रही है। पीड़ित अकबर अली ने आरोप लगाया है कि विकास सिन्हा के गुर्गे नाथ हॉस्पिटल और मृत्युंजय हॉस्पिटल में मरीज सप्लाई कर धन उगाही करता है। अपने प्रभावशाली संपर्कों का हवाला देकर लोगों को डराता-धमकाता है।
कोट
पीड़ित अकबर अली की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए पूरे गिरोह की गतिविधियों की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
- अभिनव त्यागी, एसपी सिटी