शाहपुर थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस कर रही जांच
पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर इलाके के शताब्दीपुरम कॉलोनी निवासी अरविंद कुमार सिंह को जालसाज ने मानीराम में जमीन दिखाकर 4.39 लाख रुपये हड़प लिए। रविवार को कोर्ट के आदेश पर शाहपुर पुलिस ने महराजगंज जनपद के कमरहवा खुर्द निवासी कृष्ण जायसवाल के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महराजगंज जनपद के परतावल स्थित परसा बुजुर्ग निवासी अरविंद कुमार सिंह शाहपुर के शताब्दीपुरम कॉलोनी में मकान बनवाकर रहते हैं। उन्होंने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में लिखा है कि दो साल पहले कृष्ण जायसवाल से मुलाकात हुई। उसने कहा कि एब्डॉल्फिन इंफ्राटेक बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने मानीराम में जमीन की प्लांटिंग की है। इसके बाद आरोपी ने जमीन दिखाई तो उन्हें कार्नर (दो तरफ से रास्ता) का प्लांट पसंद आ गया। आरोपी ने कहा कि इस प्लांट का एडवांस किसी और ने कर दिया है, जल्द रजिस्ट्री होने वाली है। अगर आपको यह प्लांट चाहिए तो पांच लाख रुपये दे दीजिए। कंपनी में जुगाड़ लगाकर आपकी पहले रजिस्ट्री करा देंगे। वह आरोपी के झांसे में आ गए और विभिन्न तिथियों में 4.69 लाख रुपये आरोपी के खाते में भेज दिए। कुछ दिन बाद जमीन बैनामा करने को कहा तो आरोपी टालमटोल करने लगा। काफी प्रयास के पास 30 हजार रुपये वापस किए। इसके बाद वह जमीन के कार्यालय में पता करने गए थे। वहां बताया गया कृष्ण जायसवाल नाम का कोई व्यक्ति यहां काम नहीं करता हैं। शाहपुर थाना प्रभारी नीरज राय ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।