आईआरसीटीसी से आरपीएफ कंट्रोल के पास आ रहा डिटेल, छठ व दिवाली में महिला सुरक्षा पर विशेष अभियान
गोरखपुर। ट्रेनों में अकेली सफर कर रही महिलाओं की सुरक्षा के लिए आरपीएफ ने महिला जवानों की ड्यूटी लगाई है। स्टेशन पर ट्रेन के रुकते ही महिला आरपीएफ ऐसी महिलाओं के पास पहुंच रही हैं और उनको भरोसे में लेकर सुरक्षा संबंधित कोई दिक्कत पर फोन करने का सुझाव दे रही हैं। इसके अलावा उन्हें हेल्पलाइन नंबर 182 की भी जानकारी दे रही हैं।
रेलवे ने मेरी सहेली अभियान की शुरुआत की है। त्योहार के मद्देनजर अभियान के तहत विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ताकि भीड़ में किसी महिला के साथ कोई गलत व्यवहार न करने पाए। आईआरसीटीसी से अकेली सफर करने वाली महिला का डिटेल आरपीएफ कंट्रोल के पास आ रहा है। ट्रेनों में तैनात आरपीएफ स्क्वायड के पास भी अकेली सफर करने वाली महिला का नाम और बर्थ की जानकारी दी जा रही है। आरपीएफ इंस्पेक्टर दशरथ प्रसाद ने बताया कि अभी तक गोरखपुर जंक्शन पर सुरक्षा को लेकर किसी यात्री ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है। सामान छूटने की शिकायत जरूर मिल रही है जिसे पता करके सुपुर्द किया जा रहा है।