दुकानदारों के अतिक्रमण और ग्राहकों के वाहन खड़ी करने से बनी जाम की स्थिति
गोरखपुर। रामगढ़ताल रिंग रोड के शुरू होने और सड़कों से अतिक्रमण हटने के बाद मोहद्दीपुर में जाम लगभग खत्म हो गया था। मगर अब दोबारा अतिक्रमण की वजह से सड़क पर जाम की स्थिति बन गई है। सोमवार को भी मोहद्दीपुर में जाम से शहरवासी परेशान रहे।
कुनराघाट से मोहद्दीपुर आने वाली लेन में लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। इस लेन में किनारे फुटपाथ पर भी कब्जे हैं। दुकानदारों ने सामान बाहर तक रखा है तो खरीदारी करने आए लोग वहीं पर गाड़ी खड़ी कर देते हैं। एक बार सिग्नल बंद होने पर गोपाल मंदिर के सामने तक वाहनों की कतार लग जा रही है। सोमवार की शाम भी यही हुआ। रानीडीहा के आनंद सिंह को गोपाल मंदिर से मोहद्दीपुर चौक तक पहुंचने में 20 मिनट लग गए। वह चार पहिया वाहन से परिवार को लेकर खरीदारी करने जा रहे थे। उनका कहना था कि तीन बार सिग्नल खुला उसके बाद वह चौराहे को पार कर सके। इसी तरह ओवरब्रिज से मोहद्दीपुर चौक तक भी कई बार जाम लग जा रहा है।
-
फिराक चौक से बेतियाहाता तक सड़क पर खड़े हो रहे वाहन
फिराक चौक से बेतियाहाता तक की सड़क को यातायात पुलिस ने वन-वे किया है। हालांकि, सड़क के दोनों तरफ अतिक्रमण की वजह से अब भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। सड़क किनारे बिजली के खंभों की आड़ में लोग गाड़ियां खड़ी कर दे रहे हैं। इससे सड़क और भी संकरी हो जा रही है। नगर निगम ने इस लेन को नो पार्किंग और नो वेंडिंग जोन घोषित किया है। मगर लोग उसी बोर्ड के सामने वाहन खड़ा कर दे रहे हैं। इससे आम लोगों को जाम की समस्या से गुजरना पड़ रहा है।