यातायात पुलिस की नई पहल, ड्राइवर सीट की ओर लिखवाया गाड़ी का नंबर
गोरखपुर। अगर आप ऑटो या ई-रिक्शा में बैठकर जा रहे हैं और सामान छूट जाता है तो घबराए नहीं। सफर के दौरान ड्राइवर सीट के सामने शीशे पर लिखे गाड़ी नंबर को जरूर याद रखें। छूटे सामान को खोजने के लिए यातायात पुलिस ने एक नई पहल की है। अब ऑटो व ई-रिक्शा के अंदर ड्राइवर सीट के सामने शीशे के ऊपर गाड़ी के नंबर भी लिखवाए जा रहे हैं। बुधवार को यातायात पुलिस ने अभियान चलाकर 245 ई-रिक्शा और ऑटो के अंदर नंबर लिखवाए।
ऑटो व ई-रिक्शा में आए दिन यात्रियों का सामान छूट जाता है। इसके बाद उसे खोजने में काफी परेशानी होती है। नंबर याद न होने की वजह से आईटीएमएस कैमरे की फुटेज से उनकी तलाश करनी पड़ती है। एसपी ट्रैफिक संजय कुमार ने बताया कि इसी को ध्यान में रखते हुए ऑटो व ई-रिक्शा के अंदर उसके नंबर लिखवाए जा रहे हैं। बुधवार को शहर क्षेत्र में चल रहे 245 ऑटो और ई-रिक्शा के अंदर ड्राइवर सीट की ओर वाहन नंबर लिखे गए। इससे यात्रियों को सफर के दौरान वाहन की पहचान आसान होगी और किसी सामान के छूट जाने पर उसे वापस पाने में मदद मिलेगी।
-
67 चार पहिया और 187 दोपहिया वाहनों का चालान
एसपी ट्रैफिक संजय कुमार ने बताया कि छात्रसंघ से आंबेडकर और कैंट चौराहा से काली मंदिर तक नो-पार्किंग जोन में खड़े 67 चार पहिया और 187 दोपहिया वाहनों का चालान किया गया। जबकि पांच वाहन क्रेन से यातायात यार्ड भेजे गए। इसके अलावा शहर भर में चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 1045 वाहनों के विरुद्ध चालान कर 48 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान टीआई मनोज कुमार राय, टीआई अजीत कुमार पांडेय एवं यातायात उप निरीक्षक की संयुक्त टीम मौजूद रही।