राप्तीनगर स्थित एक दुकान से खराब खाद्य सामग्री मिलने की हुई थी शिकायत
गोरखपुर। राप्तीनगर इलाके में संचालित एक जनरल स्टोर से खराब खाद्य सामग्री बिकने की शिकायत की जांच के लिए सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापा मारा। जांच अधिकारियों ने कुछ उत्पादों पर लेबल अधूरा और कुछ को रिपैक्ड व संदिग्ध मानते हुए दाल, घी, हल्दी और जीरा पाउडर के नमूने लिए।
मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की तरफ से चलाए गए अभियान का असर दिखने लगा है। लोग अब खुद खराब सामान बिकने पर शिकायत करने लगे हैं। मेडिकल कॉलेज रोड पर राप्तीनगर स्थित एक जनरल स्टोर पर बिकने वाले सामान की शिकायत एक उपभोक्ता ने की थी। इस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने दुकान में बिक्री के लिए रखे गए विभिन्न पैकेज्ड खाद्य उत्पादों की लेबलिंग, एक्सपायरी डेट, ब्रांडिंग एवं गुणवत्ता की जांच की।
फूड इंस्पेक्टर उमाशंकर ने अरहर दाल, आभा ने नाइस ब्रांड की घी और हल्दी पाउडर व प्रतिमा ने जीरा पाउडर का नमूना लिया। सभी नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि यह कार्रवाई आम जनमानस को सुरक्षित, गुणवत्तायुक्त एवं लेबलयुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने और असुरक्षित या मिसब्रांडेड उत्पादों पर नियंत्रण के लिए की गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर अन्य विधिक कार्रवाई होगी।