स्पोर्ट फॉर स्कूल पोर्टल पर दर्ज होगा स्कूल के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का ब्योरा
प्रतियोगिताओं और छात्रों की प्रगति रिपोर्ट की मॉनिटरिंग के लिए शासन स्तर से तैयार किया गया पोर्टल
गोरखपुर। स्कूलों में पढ़ाई के साथ छात्र विभिन्न प्रकार के खेलों में भाग लेते हैं, इन पर नजर रखने के लिए शासन की ओर से स्पोर्ट फॉर स्कूल पोर्टल बनाया गया है। इस पर स्कूलों में आयोजित खेलों, खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों के ब्योरे को दर्ज करने के लिए कहा गया है। इससे स्कूल स्तर से खिलाड़ियों की प्रतिभा एवं उनकी प्रगति की लगातार मॉनिटरिंग की जा सकेगी।
जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों के साथ माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ाई के साथ खेलकूद में छात्रों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए इसे शुरू किया गया है। इस पोर्टल पर सरकारी के साथ निजी विद्यालयों को भी विभिन्न खेलों में रूचि रखने वाले खिलाड़ियों, खेलों, संसाधनों और प्रशिक्षकों के बारे में डाटा अपलोड करने का निर्देश दिया गया है। इस पोर्टल पर प्रत्येक विद्यालय को अपने विद्यालय की दो बेहतरीन खेल की टीम के दर्ज करना जरूरी है जिससे खेलों में विद्यालय स्तर से खिलाड़ियों काे तैयार करने के साथ ही उनकी नियमित तौर पर मॉनिटरिंग की जा सके।
डीआईओएस डॉ. अमरकांत सिंह ने बताया कि विद्यालयों को पोर्टल पर पंजीकरण कराने का निर्देश दिया जा चुका है। विद्यालयों ने पंजीकरण भी कराया है, अब सभी को डाटा अपलोड करने के लिए कहा गया है। प्रत्येक विद्यालय को अपने यहां के दो सर्वश्रेष्ठ खेलों के विवरण को दर्ज करना जरूरी है। इससे खिलाड़ियों की मॉनिटरिंग करना आसान हो जाएगा।