गोरखपुर पहुंचने पर स्पोर्ट्स कॉलेज में हुआ जोरदार स्वागत
गोरखपुर। ग्रीस की राजधानी एथेंस में 28 जुलाई से तीन अगस्त तक आयोजित हुए अंडर-17 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में स्पोर्ट्स कॉलेज की पहलवान प्रीति ने शानदार प्रदर्शन किया है। बृहस्पतिवार को प्रीति के गोरखपुर पहुंचने पर स्पोर्ट्स कॉलेज में जोरदार स्वागत किया गया।
मूलरूप से आजमगढ़ जिले की प्रीति यादव वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा हैं। वह अंडर-17 आयुवर्ग में कुश्ती खेलती हैं। बेहतर प्रदर्शन के दम पर उनका चयन ग्रीस की राजधानी एथेंस में आयोजित होने वाली वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में हुआ था। 28 जुलाई से तीन अगस्त तक आयोजित हुई प्रतियोगिता में प्रीति ने दो मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। लेकिन क्वार्टर फाइनल में वह अमेरिका की पहलवान से हारकर बाहर हो गईं। बेहतर खेल के प्रदर्शन पर बृहस्पतिवार को स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रधानाचार्य आले हैदर ने माला पहनाकर प्रीति का स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रीति को काॅलेज के प्रशिक्षक धर्मेंद्र बहादुर सिंह, ओलंपियन प्रेम माया, प्रीति के प्रशिक्षक रमाकांत, मुकेश कुमार सिंह, रोली कश्यप, मुकेश यादव, असिया अंसारी, शशि नवैत, अनिश कुमार यादव, रीवा आदि ने बधाई दी।