दूसरे चरण में गाेंडा, बस्ती, कासगंज, ऐशबाग, देवरिया सदर, बलिया, छपिया, वाराणसी सिटी स्टेशन चयनित
इन केंद्रों से सस्ते दर पर यात्रियाें को मिलेंगी दवाएं
गोरखपुर। यात्रियों को सस्ती और सुलभ जेनेरिक दवा उपलब्ध कराने के लिए पूर्वाेत्तर रेलवे में आठ नए प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खुलेंगे। यहां एंटी-कैंसर, एंटी-डायबिटिक्स, एंटी-इंफेक्टिव्स, एंटी-एलर्जिक, गैस्ट्रो समेत विभिन्न उत्पादों की रोग-प्रतिरोधी क्षमता बढ़ाने वाली दवाइयों की बिक्री करने की अनुमति है।
रेल प्रशासन के मुताबिक, पहले चरण में सात स्टेशनों काशीपुर, लखनऊ, गोरखपुर, बनारस, फर्रुखाबाद, बरेली सिटी, बादशाहनगर में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोला गया था। अब दूसरे चरण में गाेंडा, बस्ती, कासगंज, ऐशबाग, देवरिया सदर, बलिया, छपिया, वाराणसी सिटी स्टेशन को चयनित किया गया है।
इन औषधि केंद्रों पर रेल यात्री को बहुत कम मूल्य पर आवश्यक दवाएं उपलब्ध हो सकेंगी, जिसके लिए उन्हें स्टेशन के बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इन औषधि केंद्रों के लिए रेलवे की ओर से 100-120 वर्ग फुट स्थान उपलब्ध कराया जाएगा, जहां यात्री आसानी से पहुंच सकें। इस केंद्र को चलाने के लिए आवंटी को तीन वर्ष का लाइसेंस दिया जाएगा। औषधि केंद्र के संचालन के लिए आवेदकों को फार्मा डिप्लोमा/डिग्रीधारक होना आवश्यक होगा या उनके पास फाॅर्मा में डिप्लोमा होना चाहिए।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि एनईआर में पहले चरण में सात प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोले गए थे। अब आठ और केंद्र खोले जाएंगे। इसकी प्रक्रिया शुरू करा दी गई है। प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र से यात्रियों को सस्ते दर में दवाएं मिल जाएंगी।