पश्चिमी यूपी व उत्तराखंड से आ रहा आलू, नासिक से प्याज
स्थानीय आवक से हरी सब्जियों के दाम भी हुए कम
गोरखपुर। महेवा मंडी में आलू और प्याज के साथ अन्य सब्जियों की आवक बढ़ जाने से दाम कम हो गए हैं। मंडी में थोक में आलू 14 से 15 रुपये व प्याज 24 से 25 रुपये किलो है। वहीं फुटकर में आलू 20 से 25 और प्याज 30 से 35 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। जबकि जनवरी की शुरुआत में थोक में आलू 20 और प्याज 26 रुपये किलो बिक रहा था। वहीं फुटकर में आलू की कीमत 30 और प्याज 40 रुपये थी।
व्यापारियों के अनुसार आलू पंजाब के साथ-साथ पश्चिमी यूपी व उत्तराखंड से मंगाया जा रहा है। साथ ही प्याज की ज्यादा खेप नासिक से आ रही है। मंडी के व्यापारी रमजान मेकरानी के अनुसार आलू व प्याज सस्ता हो गया है। अन्य सब्जियां स्थानीय क्षेत्र रजहीं, चौरी-चौरा आदि से आ रही हैं, इससे सस्ती हुई हैं।
असुरन चौक के फुटकर व्यापारी महेंद्र ने बताया कि स्थानीय आलू अभी भी 25 रुपया किलो बिक रहा है। फरवरी में इसकी आवक ज्यादा होने पर सस्ता हो जाएगा। ज्यादातर आलू बाहर से आ रहा है। फुटकर बाजार में गोभी 10 से 15 रुपये किलो, बैगन 30, पालक 20, मटर 25 से 30, मूली 20, गाजर 30, हरी मिर्च 60, टमाटर 20, पत्ता गोभी 20, अदरक 60 व धनियां 40 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। सभी स्थानीय क्षेत्र से आ रही हैं। इससे इन सभी में पांच से दस रुपये की कमी आई है।