5 अगस्त से देशभर में लागू, लोगों को कई परेशानियों से मिलेगी मुक्ति
मुख्य डाकघर समेत जिले भर के कर्मचारियों को किया जा चुका है प्रशिक्षित
गोरखपुर। डाक विभाग में 5 अगस्त से देशभर में तकनीकी बदलाव होने जा रहा है। एडवांस सॉफ्टेवयर 2.0 पर सभी डाकघरों में काम होगा। इससे सर्वर संबंधी दिक्कतें दूर होंगी। साथ ही तेजी से काम हो सकेंगे। लंबी लाइनों से मुक्ति मिलेगी। स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री, नकदी जमा, निकासी, बीमा प्रीमियम जमा करने में परेशानी नहीं होगी। इस सॉफ्टवेयर में एक साथ सभी काम हो सकेंगे। मुख्य डाकघर समेत जिले भर में बदलाव को लेकर तैयारियां चल रही हैं।
डाक विभाग में स्पीड पोस्ट से लेकर नकदी जमा, निकासी आदि के लिए लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता है। एक काउंटर पर सिर्फ एक ही काम होता है। एक काम के लिए कभी-कभी कई दिन भी लग जाते हैं। भीड़ के चलते काउंटर पर लोगों की नाराजगी भी देखने को मिलती है। तेजी के दौर में सुस्त काम से डाक विभाग न पिछड़े, इसके लिए भारत सरकार की ओर से सॉफ्टवेयर 2.0 की पहल की गई। सॉफ्टवेयर पर काम करने के लिए दो महीने से कर्मचारियों का प्रशिक्षण चल रहा था, जो अब लगभग पूरा हो गया है।
पांच अगस्त से बदलाव को लेकर मुख्य डाकघर से जिले भर के डाकघरों में तैयारियां चल रही हैं। डाकघरों में कुछ नए कंम्प्यूटर लगाए गए हैं और कुछ की रैम को बढ़ा दिया गया है। कर्मचारियों में भी उत्साह है। उनका मानना है कि नए सॉफ्टवेयर से तेजी से काम होगा।
पायलट प्रोजेक्ट के तहत गोंडा में शुरू हो चुका है ट्रायल
नए सॉफ्टवेयर 2.0 पर पायलट प्रोजेक्ट के तहत गोंडा में ट्रायल शुरू भी हो चुका है। विगत दिनों देश भर के हर रीजन में एक-एक डाकघर को चुना गया था। इसके तहत यहां कर्मचारियों को प्रशिक्षित कर ट्रायल के तौर पर काम शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि इससे लोगों को काफी सहूलियत है।
एक साथ कई लोगों का काम कर सकेंगे कर्मी
नए सॉफ्टवेयर के आ जाने से डाकघर कर्मी अब एक साथ कई काम कर सकेंगे। इससे हर काउंटर पर नकदी जमा, निकासी, स्पीड पोस्ट, बीमा प्रीमियम समेत सभी काम हो सकेंगे। अभी तक इसके लिए अगल-अलग काउंटर हैं या फिर लोगों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। जैसे कर्मी अगर नकदी जमा कर रहा होता है तो निकासी वालों को इंतजार करना पड़ता है। एक बार में एक ही काम हो पाता है। नए सॉफ्टवेयर में अगर हर बार अलग-अलग काम के लिए लोग आते हैं तो कोई दिक्कत नहीं है।
...
वर्जन-
कर्मचारियों का प्रशिक्षण लगभग पूरा हो चुका है। नए सॉफ्टवेयर से काम न सिर्फ आसान होगा बल्कि तेजी भी आएगी। जल्द ही इस पर काम शुरू हो जाएगा।
बीके पांडेय, प्रवर डाक अधीक्षक