जालसाज ने छात्रों को झांसे में लेकर हड़प लिए थे 33 लाख रुपये, चौरीचौरा थाने में दर्ज हुआ था केस
गोरखपुर। सरकारी नौकरी का झांसा देकर गोरखपुर समेत कई जिलों के युवकों से छह करोड़ से अधिक की ठगी के आरोपी अजीत सिंह को चौरीचौरा पुलिस महाराजगंज जेल से बी वारंट पर लाएगी। इसके लिए विवेचक ने कोर्ट में अर्जी भी दे दी है। जालसाज के खिलाफ ठगी के शिकार चार प्रतियोगी छात्रों ने चौरीचौरा थाने में केस दर्ज कराया था।
प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे खजनी के कंदराई निवासी देवेश कुमार यादव, गगहा के भरवलिया निवासी प्रहलाद साहनी, उरुवा के मठभताड़ी निवासी राजकुमार यादव व बांसगांव के हरिहर भैसा निवासी कृष्ण पाल यादव ने बीते 19 अप्रैल को चौरीचौरा थाने में केस दर्ज कराया था। आरोप था कि प्रयागराज में तैयारी के दौरान उनकी मुलाकात गायत्रीनगर दांडी निवासी दीपक दुआ, दिल्ली के द्वारका सेक्टर 18 निवासी अजीत सिंह, नजफगढ़ के मुकेश लता, रवि सिंह, खुशबू सिंह, अरविंद कुमार देशवाल और रूबी से हुई थी। इन लोगों ने बताया था कि वह यूपी, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब समेत अन्य प्रदेशों के बेरोजगार युवकों को सरकारी नौकरी में 15 लाख रुपये में चयनित कराया है। झांसे में आए पीड़ितों ने खेत बंधक रखकर एक बार में तीन-तीन लाख रुपये दिए थे। सभी जालसाजों के खाते में 37.34 लाख रुपये जमा कराए थे। इसके बाद से जालसाजों ने उन्हें लखनऊ बुलाकर सचिवालय और हाईकोर्ट का नियुक्ति पत्र दे दिया। एक सप्ताह बाद जब वे नियुक्ति पत्र लेकर पहुंचे तो वह फर्जी निकाला। इसके बाद पीड़ितों ने जालसाजों के खिलाफ चौरी चौरा थाने में केस दर्ज कराया था। इसबीच महाराजगंज पुलिस ने ठगी के मामले में अजीत सिंह को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया। मामला संज्ञान में आने के बाद विवेचक ने बी वारंट पर आरोपी को शहर लाकर पूछताछ करेगी।
कोट
आरोपी को पूछताछ के लिए शहर लाया जाएगा। इसके लिए विवेचक ने कोर्ट में बी वारंट के लिए अर्जी दे दी है।
- जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी नार्थ