गोरखपुर। बक्शीपुर उपकेंद्र से जुड़े हड़हवा फाटक के साकेत नगर में बिजली निगम की ओर से आरडीएसएस स्कीम के तहत बृहस्पतिवार को एबीसी केबल लगाने का कार्य चल रहा था। जिस बिजली के खंभे पर केबल लगाया जा रहा था वह जर्जर हो चुका था। जैसे ही केबल का लोड बिजली के पोल पर पड़ा वह टूट कर नीचे गिर गया। इस रास्ते से गुजर रहे लोग बालबाल बच गए। हालांकि इस दौरान एक मोपेड पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
पार्षद ऋषि मोहन वर्मा ने बताया कि आरडीएसएस स्कीम के तहत कार्यदायी संस्थान साकेत नगर में बिजली का कार्य करवा रही है। इलाके में बिजली के पोल पूरी तरह से जर्जर हो गए हैं। बिजली के पोल नहीं बदले जा रहे हैं। सीमेंट के जर्जर पोल पर ही एबीसी केबल दौड़ाई जा रही है। बृहस्पतिवार को कर्मचारी कार्य कर रहे थे। इस दौरान केबल का लोड जर्जर पोल नहीं झेल पाया और टूट कर मेन सड़क पर गिर गया। इस बीच एक राहगीर अपनी मोपेड लेकर जा रहा था। वह अपनी जान बचाने के लिए मोपेड छोड़ कूद कर भाग गया। पोल की चपेट में आने से मोपेड क्षतिग्रस्त हो गई। संयोग रहा कि कोई इस रास्ते से नहीं गुजर रहा था, नहीं तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। उन्होंने बताया कि बिजली विभाग की लापरवाही की वजह से इलाके में बड़ी घटना हो सकती है। बक्शीपुर के अधिशासी अभियंता अतुल रघुवंशी ने बताया कि इस संबंध में जानकारी नहीं है। अगर कार्य पर लापरवाही बरती जा रही है तो उसकी जांच कराई जाएगी।