वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में है अंतरराष्ट्रीय स्तर का एस्ट्रो टर्फ हाॅकी मैदान
अंतिम चरण में है दर्शक दीर्घा का काम, इसी साल पूरा करने का लक्ष्य
गोरखपुर। शहर में जल्द ही हॉकी के अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जा सकेंगे। दर्शक भी बैठकर मैच का आनंद उठा सकेंगे। वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में नौ करोड़ रुपये से वीआईपी पवेलियन बनकर तैयार हो गया है। वहीं 22 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे दर्शक दीर्घा का काम अंतिम चरण में है। जल्द ही यह काम भी पूरा हो जाएगा।
वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में बने एस्ट्रो टर्फ हॉकी मैदान के उद्घाटन के बाद 2019 में भारत और फ्रांस के बीच हॉकी का मुकाबला हो चुका है। लेकिन, यहां मैदान के अलावा और किसी भी तरह की अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधा नहीं थीं। ऐसे में यहां पांच करोड़ रुपये की लागत से वीआईपी पवेलियन बनाने का निर्मण लिया गया। इसका काम 2019 में शुरू हो गया, लेकिन 2020 में कोविड के कारण काम करीब डेढ़ साल बंद रहा। ऐसे में काम की लागत बढ़ गई और पांच करोड़ की योजना का बजट नौ करोड़ रुपये पहुंच गया। काम 2023 में ही पूरा होना था, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही से यह काम 2025 में पूरा हो सका है। दर्शक दीर्घा का काम अंतिम चरण में हैं। यह काम इस साल के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद यहां अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जा सकेंगे।
..................
छह हजार दर्शक बैठकर देख सकेंगे मैच
एस्ट्रो टर्फ मैदान के किनारे बन रहे दर्शक दीर्घा में एक साथ छह हजार दर्शक बैठकर मैच का आनंद उठा सकेंगे। मैदान के दक्षिणी और पश्चिमी छोर के दर्शक दीर्घा का काम लगभग पूरा हो गया है। यहां छाजन लगाने का काम चल रहा है। इसके बाद कुर्सियां लगाई जाएंगी। उत्तरी छोर के दर्शक दीर्घा के ढलाई का काम चल रहा है। इस काम को इसी साल पूरा करने का लक्ष्य है।
.........
पवेलियन में हैं ये सुविधाएं
- चेंजिंग रूम
- वीआईपी गैलरी
- खिलाड़ी गैलरी
- चार ग्रीन रूम
- मेडिकल रूम
- मसाज रूम
- वॉशरूम
..............
कोट
एस्ट्रो टर्फ मैदान के पूर्व की तरफ वीआईपी पवेलियन बन कर तैयार हो चुका है। वहीं दर्शक दीर्घा का काम अंतिम चरण में है। सभी काम अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानक पर कराए गए हैं। काम पूरा होते ही यहां हॉकी के अंतरराष्ट्रीय मुकाबले हो सकेंगे।
- आले हैदर, रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर