गोरखपुर। गोलघर में ऑटो और ई-रिक्शा का प्रवेश प्रतिबंधित होने के बाद जाम की समस्या काफी हद तक कम हो गई। लेकिन मोहद्दीपुर सहित दूसरे इलाकों में सड़क पर ही सवारी भरने के चलते जाम लग रहा है। वहीं रात में प्राइवेट बस चालक भी शहर में आकर सवारी भर रहे हैं। ये बसें विश्वविद्यालय छात्रावास के आसपास खड़ी की जाती हैं और सुबह ही सवारी भर कर निकल जाती हैं।
बिहार जाने वाली बसों को नंदानगर के पास बने स्टैंड से सवारी भरनी है। लेकिन रात के समय ये स्टेशन रोड में आकर सवारी भरना शुरू कर देते हैं। रात के समय ये काफी तेजी से चलते भी हैं जिससे हादसे का खतरा होता है। वहीं, मोहद्दीपुर में ऑटो और ई-रिक्शा शनिवार को चौराहे पर खड़ा कर सवारी भर रहे थे। ट्रैफिक पुलिस ने इनको हटाया लेकिन उसके बावजूद ये वहीं पर सवारी भर रहे थे। इसकी वजह से दूसरे वाहनों को निकलने में परेशानी हुई। चौराहे से लेकर गोपाल मंदिर तक ये सवारी भरते रहते हैं। वहीं, बहुत सारे लोग सड़क की दोनों तरफ गाड़ी पार्क कर देते हैं जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। काली मंदिर के पास और शास्त्री चौक पर ऑटो और ई-रिक्शा को गोलघर में जाने नहीं दिया गया।
-
ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन, 784 वाहनों का कटा चालान
गोरखपुर। यातायात व्यवस्था को सुगम और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए एक दिन, एक चौराहा अभियान के तहत एसपी ट्रैफिक संजय कुमार ने शनिवार को छात्रसंघ और पैडलेगंज चौराहों पर अभियान चलाकर कार्रवाई की। सड़क किनारे खड़े वाहनों का चालान कटवाने के साथ ही उन्हें हटवाया गया। निर्माण कार्य को व्यवस्थित कर बेतरतीब पड़े डिवाइडर को ठीक किया गया। नौकायन से पैडलेगंज मार्ग का निरीक्षण भी किया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 784 वाहनों का चालान काटने के साथ ही 39 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।