यातायात पुलिस और नगर निगम ने फिराक चौक से बेतियाहाता की सड़क को किया है वन-वे
एंबुलेंस और मरीजों के वाहन को मिली एंट्री, ऑटो, ई-रिक्शा और चारपहिया वाहनों को रोका
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। फिराक चौक से बेतियाहाता चौराहे तक डॉक्टर्स लेन को यातायात पुलिस ने वन-वे कर दिया है। मंगलवार को ट्रायल के पहले दिन ऑटो, ई-रिक्शा और चारपहिया वाहनों को फिराक चौक की तरफ से एंट्री नहीं मिली। इससे दिनभर राहत रही और जाम नहीं लगा।
डॉक्टर्स लेन को जाम से मुक्त बनाने के लिए यातायात पुलिस और नगर निगम ने वन-वे करने का निर्णय लिया है। मंगलवार से एक हफ्ते के लिए इसका ट्रायल किया जा रहा है। यह व्यवस्था सुबह नौ से रात नौ बजे तक लागू रहेगी। एसपी ट्रैफिक संजय कुमार ने बताया कि फिराक चौराहे पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों को रोका जा रहा है। केवल बेतियाहाता की तरफ से ही वाहनों को प्रवेश दिया जा रहा है।
फिराक चौक से एंबुलेंस, दो पहिया और मरीजों के वाहनों को प्रवेश दिया जा रहा है। बाकी वाहन चालकों को एडीजी ऑफिस वाले तिराहे से होकर बेतियाहाता की ओर जाना पड़ेगा। डॉक्टर्स लेन पर वन-वे का साइन बोर्ड भी लगाया गया है। उन्होंने बताया कि एक हफ्ते तक ट्रायल चलेगा। इस दौरान डॉक्टरों और लोगों से फीडबैक भी लिया जाएगा। इसके बाद इसे हमेशा के लिए लागू कर दिया जाएगा।