कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो. राजवंत राव ने संभाला गणित के विभागाध्यक्ष का कार्यभार
गणित विभाग में विवाद की पुरानी बातों को याद कर चुटकियां लेते रहे शिक्षक-कर्मचारी
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के गणित विभाग में बृहस्पतिवार को माहौल हल्का रहा। एक पक्ष प्रोफेसर को जांच होने तक विभागाध्यक्ष पद से हटाए जाने से खुश है तो दूसरा पक्ष इस बात से खुश है कि जांच के दायरे में सभी शिकायतों को शामिल किया जाएगा। इस बीच गणित के कार्यवाहक अध्यक्ष बनाए गए अधिष्ठाता कला संकाय प्रो. राजवंत राव ने कार्यभार ग्रहण कर लिया।
डीडीयू में बृहस्पतिवार को सुबह से शाम तक गणित विभाग के विवाद को लेकर शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों में कानाफूसी चलती रही। शिक्षक कर्मचारी दोनों पक्षों की पुरानी बातों को याद कर चुटकियां लेते रहे।
डीडीयू के गणित एवं सांख्यिकी विभाग में वरिष्ठता को लेकर दो प्रोफेसरों के बीच चल रही रस्साकशी में कुछ शिक्षकों ने भी अपना पक्ष चुन लिया है। इससे विभाग के कई शिक्षक दो धड़े में बंटे हुए हैं। आए दिन वहां एक दूसरे को नीचा दिखाने की कोशिशों की चर्चाएं भी आम हैं। सात जुलाई को अनंतिम वरिष्ठता सूची जारी होने के बाद से ही वहां माहौल गरमाया हुआ था। इसी दौरान 21 जुलाई को प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के बीच गाली-गलौज व धक्का-मुक्की की बात सामने आई थी। इसके बाद 23 जुलाई को कुलपति ने मामले में जांच बैठा दी थी। जांच होने तक विभागाध्यक्ष का कार्यभार डीन आर्ट्स को सौंपने का निर्णय लिया था।
...
जांच में लग सकता है लंबा समय
मामले की जांच तीन सदस्यीय समिति को सौंपी गई है। बताया जा रहा है कि तीनों ही सदस्य बाहरी हैं। विभाग में चल रहे सभी विवादों को जांच के दायरे में रखने का निर्णय डीडीयू प्रशासन ने लिया है। पुराना विवाद और बड़ी संख्या में शिकायतों को देखते हुए माना जा रहा है कि जांच पूरी होने में लंबा समय लग सकता है।
...
गणित विभाग में शांतिपूर्ण ढंग से हुआ वाइवा
गणित विभाग में बृहस्पतिवार को एक शोधार्थी का वाइवा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कक्षाएं भी सामान्य माहौल में ही चलीं।
वर्जन
पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच के बाद समिति जो भी रिपोर्ट सौंपेगी, उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- प्रो. पूनम टंडन, कुलपति, डीडीयू