उपनिदेशक पंचायत ने सात दिन का दिया समय, निदेशालय को भी भेजना होगा स्पष्टीकरण
2742 ओडीएफ प्लस के तहत मात्र 1286 ग्राम पंचायतों का ही हो पाया है सत्यापन
गोरखपुर। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के तहत गोरखपुर में ओडीएफ प्लस मॉडल ग्रामों के सत्यापन की धीमी प्रगति पर उपनिदेशक (पंचायत) हिमांशु शेखर ठाकुर ने जिला पंचायत राज अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा है। सात दिन में स्पष्टीकरण निदेशालय भेजने और इसकी प्रति उनके कार्यालय को भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जिले में वित्तीय वर्ष 2025-26 में 2797 राजस्व ग्रामों को ओडीएफ प्लस मॉडल घोषित और सत्यापित करने का लक्ष्य दिया गया था। साथ ही इसका सत्यापन भी करना था। अब तक 2742 गांव ओडीएफ प्लस हो गए हैं, लेकिन 1286 गांव का सत्यापन हो पाया है। 1456 गांवों का सत्यापन होना है।
तीन महीनों में एक भी गांव का सत्यापन नहीं
इस संबंध में 16 अप्रैल को शासन ने समीक्षा बैठक की थी। इसमें सामने आया कि जिले में तीन महीने में एक भी गांव का ओडीएफ प्लस में सत्यापन नहीं किया गया। इस संबंध में निदेशक पंचायती राज ने उप निदेशक को जिला पंचायत राज अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए थे।
उपनिदेशक पंचायत हिमांशु शेखर ठाकुर ने बताया कि डीपीआरओ को सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण निदेशक कार्यालय को भेजने और इसकी प्रति उनके कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए गए है। यदि स्पष्टीकरण पहले से भेजा गया है तो उसकी प्रति भी उपलब्ध कराने को कहा गया है।