बोर्ड के निर्देश के बाद पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने शुरू की तैयारी
गोरखपुर। रेलवे जल्द ही यात्रियों को ट्रेनों में इंजन और बोगियों के मॉडल उपलब्ध कराएगा। रेलवे बोर्ड का दिशा-निर्देश मिलने के बाद इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। इस सेवा के शुरू हो जाने के बाद अगर किसी को रेलवे से संबंधित स्मृति चिन्ह भेंट करना चाहते हैं तो चलती ट्रेन में भी मॉडल इंजन मिल जाएंगे। अभी यह सुविधा गोरखपुर रेल म्यूजियम में है।
रेल म्यूजियम में बड़े और छोटे आकार के इंजन मंगाए गए हैं। बड़े वाले मॉडल का वजन लगभग 850 ग्राम, लंबाई 300 एमएम और चौड़ाई 100 एमएम है। इसकी कीमत करीब 1900 रुपये रखी गई है। छोटे वाले मॉडल का वजन 450 ग्राम, लंबाई 200 एमएम तथा चौड़ाई 75 एमएम है। इसकी कीमत करीब 1400 रुपये है। दरअसल म्यूजियम आने वाले कई लोगों ने मॉडल इंजन की डिमांड की थी। इसे देखते हुए वर्कशॉप ने ये मॉडल मंगाए हैं। भांप इंजन से लेकर डीजल और इलेक्ट्रिक इंजन तक मॉडल उपलब्ध रहेगा। इसके साथ ही पारंपरिक बोगी के साथ ही एचएचबी और वंदेभारत के कोच भी उपलब्ध रहेंगे। धरोहरों को देख न सिर्फ आपको रेलवे और उसकी ऐतिहासिकता से आत्मिक लगाव होगा, बल्कि इन स्मृतियों को सहेजकर रख भी सकेंगे। कई रेलवे जोन में प्रयोग के तौर पर इंजन और बोगियों के मॉडल ट्रेनों में यात्रियों के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। इसी को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे भी पहल करने जा रहा है।