गोरखपुर जंक्शन पर चस्पा किया गया क्यूआर कोड
लखनऊ, वाराणसी और छपरा स्टेशन पर भी लगाने की तैयारी
गोरखपुर। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की जानकारी के लिए अब पूछताछ केंद्र पर जाने की जरूरत नहीं है। मोबाइल से क्यूआर कोड को स्कैन करते ही रेलवे स्टेशन से चार घंटे के अंदर सभी दिशाओं में जाने वाली ट्रेनों के बारे में पूरी जानकारी मिल जाएगी। रेल प्रशासन ने गोरखपुर जंक्शन पर जगह-जगह क्यूआर कोड चस्पा का दिया है। जल्द ही पूर्वोत्तर रेलवे के भीड़ वाले स्टेशन लखनऊ, वाराणसी और छपरा में भी यह सुविधा शुरू करने की तैयारी है।
त्योहार में हो रही यात्रियों की भीड़ के मद्देनजर रेल प्रशासन ने एक अभिनव पहल करते हुए क्यूआर कोड विकसित किया है। इसे स्कैन करते ही स्टेशन से चार घंटे के अंदर जाने वाली ट्रेनों की पूरी जानकारी मिल जाएगी। मसलन, कौन सी ट्रेन कब और कहां तक जाएगी। इसके लिए रेलवे के इंक्वायरी सिस्टम को क्यूआर कोड से लिंकअप किया गया है।
इस सुविधा के शुरू होने से यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। उन्हें अपडेट जानकारी मिलेगी और उसी हिसाब से वे अपनी यात्रा की तैयारी कर सकेंगे। गोरखपुर जंक्शन पर सभी प्लेटफॉर्म, प्रवेश द्वार और होल्डिंग एरिया में क्यूआर कोड को चस्पा किया गया है।
वर्जनयात्रियों की सुविधा के लिए क्यूआर कोड विकसित किया गया है। इसे गोरखपुर जं. स्टेशन के विभिन्न स्थानों और होल्डिंग एरिया में चस्पा किया गया है। इसे स्कैन करते ही गोरखपुर जं. स्टेशन से चार घंटे के अंदर जाने वाली ट्रेनों के बारे पूरी जानकारी मिल जाएगी। इसको रेगुलर अपडेट किया जा रहा है।
-पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ-एनईआर