पिपराइच इलाके का मामला, प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा मामला
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया
पिपराइच। थाना क्षेत्र के समस्तपुर मुड़िला गांव में बृहस्पतिवार सुबह रामअशीष (22) का शव पानी की टंकी से शर्ट के सहारे लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।
अभिषेक के दो बेटों में बड़ा बेटा विवेक एक निजी कॉलेज में पढ़ाई करता है। जबकि छोटा बेटा रामअशीष पढ़ाई छोड़कर डीजे बजाने का काम करता था। पिता ने बताया कि रामअशीष का गांव की ही एक विशेष समुदाय की युवती से प्रेम संबंध थे। नवंबर 2024 में दोनों घर से चले गए थे, लेकिन पुलिस के दबाव में लौट आए। कुछ दिन साथ रहने के बाद में युवती अपने परिवार के साथ चली गई, जिसके बाद से रामअशीष अवसाद में रहने लगा था। हाल ही के दिनों नशे का लती भी हो गया था। बुधवार शाम वह गांव के ही कुछ दोस्तों के साथ घूमने निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। बृहस्पतिवार सुबह उसका शव पानी की टंकी की रेलिंग से शर्ट के फंदे में लटकता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने अज्ञात पर हत्या कर शव फंदे पर लटकाए जाने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।
इस संबंध में थाना प्रभारी पिपराइच अतुल श्रीवास्तव का कहना है कि फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। प्राथमिक जांच में सुसाइड प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।