रेलवे बोर्ड ने जारी किए दिशा-निर्देश, कमेटी की संस्तुति वाले प्रस्ताव ही स्वीकार होंगे
प्रस्ताव में ट्रेन के स्टाॅपेज, साफ-सफाई और पानी भरने के स्थान का करना होगा जिक्र
गोरखपुर। नई ट्रेनों को चलाने के लिए अब सभी क्षेत्रीय रेलवे में तीन सदस्यीय कमेटी गठित की जाएगी। इस कमेटी की संस्तुति वाले प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड स्वीकार करेगा। पूर्वोत्तर रेलवे समेत देश के सभी क्षेत्रीय रेलवे में कमेटी गठित करने के लिए बोर्ड के निदेशक, कोचिंग संजय आर नीलम ने 25 जुलाई को पत्र जारी किया है। रेलवे बोर्ड से निर्देश मिलने के बाद एनईआर ने कमेटी गठित गठन के लिए तैयारी शुरू कर दी है।
रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के मुताबिक, कमेटी में मुख्य यात्री परिचालन, यांत्रिक इंजीनियर और मुख्य वाणिज्य प्रबंधक यात्री, सेवाएं शामिल रहेंगे। यह कमेटी किसी भी नए ट्रेन के प्रस्ताव को लेकर पूरा होमवर्क करेगी। यह देखा जाएगा कि मांग के हिसाब से ट्रेन चलाना जरूरी है या नहीं। इसके बाद ट्रेन को चलाने का समय, दिन और रूट को लेकर अन्य क्षेत्रीय रेलवे से समन्वय बनाकर प्रस्ताव तैयार किया जाएगा, ताकि प्रस्ताव तैयार होने के बाद फिर किस तरह का अड़चन न आने पाए। इसके साथ ही रेलवे बोर्ड को भेजे गए नए ट्रेन के प्रस्ताव में ट्रेन के स्टाॅपेज, साफ-सफाई और पानी भरे जाने वाले स्थान का उल्लेख करना होगा।
दरअसल, नई ट्रेन चलाने को लेकर बहुत सारे प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजे गए हैं। दूसरे जोन से समन्वय न होने के चलते ट्रेनों को चलाने के लिए समय नहीं मिल पाया। एनईआर में भी देहरादून एक्सप्रेस को रोजाना चलाने और पुरी के लिए ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भेजा गया था लेकिन दूसरे जोन से सहमति नहीं मिलने के चलते प्रस्ताव ठंडे बस्ते में चला गया।