गोला थाना क्षेत्र के गोला-कौड़ीराम मार्ग पर तौलिया में लिपटा था शव
जानीपुर। गोला थाना क्षेत्र के गोला-कौड़ीराम मार्ग पर रविवार सुबह ककरही पेट्रोल पंप के पास झाड़ी में नवजात शिशु का शव मिला। शव गुलाबी रंग की नई तौलिया में लिपटा हुआ था। राहगीरों की सूचना पर पहुंची गोला पुलिस ने छानबीन की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और संवेदना का माहौल है। लोग इसे मानवता के लिए शर्मनाक बता रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि समाज में आज भी ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जो न केवल ममता बल्कि इंसानियत पर सवाल खड़े करती हैं। गोला थाना प्रभारी राहुल शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि नवजात को झाड़ियों में किसने और क्यों फेंका। जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ लोगों से जानकारी की जा रही है।