अभिषेक हत्याकांड में मुख्य आरोपी है मानवेंद्र, पुराने आर्म्स एक्ट के मामले में किया आत्मसमर्पण
पुलिस के हत्थे चढ़ा मानवेंद्र का साथी, 16 फरवरी को गोली मारकर की गई थी अभिषेक की हत्या
गोरखपुर। बेलघाट के अभिषेक सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी मानवेंद्र सिंह उर्फ मानू ने गोरखपुर पुलिस को चकमा देकर बृहस्पतिवार को देवरिया के सीजेएम कोर्ट में पुराने आर्म्स एक्ट के मामले में सरेंडर कर दिया। वहां कोर्ट ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर जिला कारागार भिजवा दिया। बेलघाट पुलिस अब रिमांड पर लेकर मानवेंद्र सिंह से पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।
उधर, मानवेंद्र के साथी सोपाईघाट निवासी ज्ञानेंद्र सिंह को पुलिस ने बुधवार देर रात कैंट क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर बृहस्पतिवार को पूछताछ के बाद जेल भिजवा दिया। सोपाईघाट में 16 फरवरी को शादी कार्यक्रम से घर आते समय अभिषेक सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
मामले में अभिषेक के चचेरे भाई की तहरीर पर तीन आरोपियों मानवेंद्र सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह और अतुल सिंह उर्फ बिट्टू पर केस दर्ज किया गया था। घटना के दूसरे दिन ही 17 फरवरी को ही इस केस में एक आरोपी अतुल सिंह उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया था।
देवरिया में पिस्टल के साथ पकड़ा गया था मानवेंद्र
पुलिस के अनुसार, देवरिया के कोतवाली क्षेत्र से सोपाईघाट का मानवेंद्र सिंह उर्फ मानू वर्ष 2019 में अवैध पिस्टल के साथ पकड़ा गया था। मामले में मानवेंद्र के देवरिया के सुरौली थाना क्षेत्र में रहने वाले रिश्तेदार आनंद कुमार सिंह ने जमानत ली थी। आनंद के जमानत वापस लेने के बाद इस मामले में शातिर मानवेंद्र ने पुलिस को चकमा देते हुए देवरिया कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
वर्जन
बेलघाट के केस में सिविल कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया जाएगा। इसके बाद वारंट बी पर मानवेंद्र को गोरखपुर लाया जाएगा। फिर रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
- जितेंद्र कुमार तोमर, एसपी दक्षिणी