यूपी के गोरखपुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। हरपुर बुदहट थाना इलाके में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां लिव-इन रिलेशन में रह रहा एक व्यक्ति अपनी 19 वर्षीय सौतेली बेटी को लेकर भाग गया।
घटना को लेकर युवती की मां ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस से बेटी की सुरक्षित खोजने की गुहार लगाई है। तहरीर में महिला ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से आरोपी के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी।
महिला की पहली शादी से दो बच्चे हैं। उसका पहला पति उसे छोड़कर दिल्ली में रह रहा है। इस दौरान आरोपी ही मां-बेटी की देखभाल करता था और परिवार के सदस्य की तरह घर में रहता था।
आरोपी के पहली पत्नी से तीन बच्चे भी हैं
आरोपी की पहले से शादी हो चुकी है और उसकी पहली पत्नी से तीन बच्चे भी हैं। महिला का आरोप है कि कुछ दिन पहले आरोपी उसकी 19 वर्षीय बेटी को अपने साथ लेकर अचानक कहीं चला गया। काफी तलाश के बाद भी दोनों का कोई पता नहीं चल सका।
पीड़िता की मां को आशंका है कि उसकी बेटी को आरोपी बहला-फुसलाकर या दबाव बनाकर अपने साथ ले गया है। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है और परिजन लगातार युवती की सुरक्षित वापसी की मांग कर रहे हैं।
सीओ गीडा योगेंद्र सिंह ने बताया कि हरपुर बुदहट पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी और युवती की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से दोनों का पता लगाने का प्रयास जारी है।