पूर्वी यूपी में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ व बंगाल की खाड़ी की तरफ से आई पुरवा हवा से बना माहौल
गोरखपुर। बिहार से यूपी की तरफ बढ़ रहा मानसून बुधवार से पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगा। गोरखपुर और आस-पास के जिलों में इसके असर से 19 से 21 जून तक जोरदार बारिश की संभावना है। लखनऊ-वाराणसी में मानसून 23 जून को पहुंचेगा। सबसे देर में 27 जून को यह बिजनौर पहुंचेगा।
पूर्वी यूपी में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी की तरफ से आई पुरवा हवा की वजह से मानसून को आगे बढ़ने के लिए अनुकूल माहौल मिला है। इस वजह से सोमवार को शहर में जमकर बारिश हुई थी, वहीं मंगलवार को सुबह मोहद्दीपुर, दोपहर में गोलघर व दोपहर बाद ट्रांसपोर्टनगर इलाके में बारिश हुई। शहर के अलग-अलग हिस्सों में धूप-गर्मी और बारिश का असर रहा। पूरे दिन में मिलाकर चार एमएम ही बारिश हुई। हालांकि धूप-छांव का खेल पूरे दिन जारी रहा।
मौसम विज्ञानी मोहम्मद दानिश ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून बुधवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में सक्रिय हो जाएगा। इससे बुधवार को हल्की-फुल्की बारिश होगी। इसके बाद बृहस्पतिवार से शनिवार तक भारी बारिश की संभावना है।
-
मंगलवार को तापमान
अधिकतम: 36.5 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम: 24.1 डिग्री सेल्सियस
आर्द्रता
अधिकतम: 87 प्रतिशत
न्यूनतम: 62 प्रतिशत