पहली बार 100 से अधिक अभ्यर्थियों को एक सत्र में मिला पीएचडी में प्रवेश
गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-2026 के विषम सेमेस्टर में पीएचडी प्रवेश परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं। विभिन्न विभागों में कुल 134 अभ्यर्थियों को प्रवेश मिला है। पहली बार एक सत्र में इतनी संख्या में पीएचडी में प्रवेश मिला है।
एमएमएमयूटी प्रशासन के मुताबिक, सत्र 2021-22 में 59, 2022-23 में 80, सत्र 2023-24 में 34, सत्र 2024-25 में 45 अभ्यर्थियों को पीएचडी में प्रवेश मिला था। सत्र 2025-26 में 59 को विश्वविद्यालय फेलोशिप के तहत और 75 को स्ववित्तपोषित योजना के तहत पीएचडी में प्रवेश दिया गया है। इनमें सर्वाधिक 49 ने कंप्यूटर साइंस में प्रवेश लिया है।
दीक्षांत के मंच से सम्मानित होंगे शिक्षक-विद्यार्थी
कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने बताया कि शोध व नवाचार को बढ़ावा देने के लिए व्यापक प्रोत्साहन नीति लागू की गई है। इसके तहत आउटस्टैंडिंग पब्लिकेशन अवार्ड 2 लाख रुपये, प्रीमियर पब्लिकेशन अवाॅर्ड 50,000, कमेंडेबल पब्लिकेशन अवाॅर्ड 20,000, आउटस्टैंडिंग पेटेंट अवार्ड 50,000, कमेंडेबल पेटेंट अवाॅर्ड 25,000 रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। इन पुरस्कारों के लिए शिक्षकों से 31 जुलाई तक आवेदन मांगे गए हैं। दीक्षांत के मंच से कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के हाथों विजेताओं को पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।