गोरखपुर। उत्तर प्रदेश टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में चल रही क्रिकेट लीग प्रतियोगिता के चौथे दिन चार मैच खेले गए। इन मैचों में गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या और गुजरात ने अपने-अपने मैच जीतकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
मंगलवार को पहला मैच वाराणसी योद्धा और हैदराबाद के बीच खेला गया। इनमें वाराणसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट खोकर 97 रन बनाए। हैदराबाद की टीम 73 रन ही बना सकी। इस तरह वाराणसी ने 24 रनों से मैच जीत लिया। वहीं दूसरा मैच राजस्थान और अयोध्या किंग्स के बीच खेला गया। राजस्थान ने 7 विकेट खोकर 71 रन बनाए। जवाब में उतरी अयोध्या किंग्स की टीम ने 9.2 ओवरों में 3 विकेट पर 74 रन बनाकर मैच जीत लिया।
तीसरा मैच मराठा लायंस और गोरखपुर के बीच खेला गया। मराठा लायंस ने 9 विकेट पर 58 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर की टीम ने 9.2 ओवरों में चार विकेट खोकर जीत दर्ज की। चौथा मैच गुजरात ग्लैडिएटर और हैदराबाद के बीच खेला गया। गुजरात ने मैच में 89 रन बनाए। हैदराबाद की टीम 67 रनों पर ही सिमट गई।