गोरखपुर। योद्धा मार्शल आर्ट्स समिति की ओर से बशारतपुर स्थित एक मैरिज हॉल में एसएसकेएफआई डिस्ट्रिक्ट कराटे चैंपियनशिप का आयोजन हुआ। इस दौरान मार्शल आर्ट योद्धाओं ने दमखम दिखाते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
चैंपियनशिप में जिले की 18 टीमों के 311 मार्शल खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। लगभग 14 घंटे तक चली इस प्रतियोगिता में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर दिव्या, खुशी और आमान ने श्रेष्ठ फाइटर का चुने गए। प्रतिद्वंद्वी टीमों से कड़ा मुकाबला करते हुए योद्धा क्लब बशारतपुर की टीम विजेता बनीं और कप पर कब्जा जमाया। वहीं चौरीचौरा की टीम उप विजेता रही। विजेताओं को मुख्य अतिथि मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव एवं विशिष्ट अतिथि सूर्यकुंड धाम विकास समिति के संयोजक संतोष मणि त्रिपाठी ने कप, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। योद्धा मार्शल आर्ट्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम किशुन ने अतिथियों का स्वागत कर आयोजन पर प्रकाश डाला।
चैंपियनशिप में जिले की चौरीचौरा, तारामंडल, डोहरिया, बशारतपुर, सूर्यकुंड धाम, नकहा, नौसड़, दाउदपुर, सहजनवां, ट्रांसपोर्ट नगर, झुगियां, खजांची चौक, गोकुल अपार्टमेंट, पीपीगंज, कुसम्ही, अंबेश्वरी अपार्टमेंट, कौड़ीराम और रुस्तमपुर की टीमों ने प्रतिभाग किया। अतिथियों ने विजयी प्रतिभागियों को कप,मेडल व प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। निर्णायक की भूमिका अनुराग कुमार गौड़, अभिषेक जायसवाल, सनी सिंह और चंद्र प्रकाश मणि त्रिपाठी ने निभाई।