मुख्य सचिव एसपी गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये तैयारियों की जानकारी ली
छठ पर्व पर शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में स्वच्छता व सुरक्षा व्यवस्था के सख्त निर्देश
गोरखपुर। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने शुक्रवार को लखनऊ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से छठ पर्व के तैयारियों की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने छठ घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा प्रबंध को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।
यह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग मंडलायुक्त सभागार में हुई। मुख्य सचिव ने कहा कि छठ पर्व जनभावनाओं से जुड़ा लोकआस्था का पर्व है। इसलिए इस पर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना है। उन्होंने बिजली विभाग को निर्देशित किया कि सभी घाटों चाहे नगर क्षेत्र में हों या ग्राम पंचायतों के अंतर्गत, वहां प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। जहां आवश्यक हो वहां अस्थायी लाइटिंग एवं जेनरेटर की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने पुलिस और यातायात विभाग को निर्देश दिया कि भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखें। ग्रामीण इलाकों में भी छठ घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल व महिला सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाए
डीएम दीपक मीणा ने बताया कि नगर क्षेत्र में लगभग 110 घाटों और ग्रामीण इलाकों में 150 से अधिक स्थलों पर साफ-सफाई, प्रकाश एवं सुरक्षा व्यवस्था का कार्य तेजी से चल रहा है। ग्राम पंचायतों को भी विशेष निर्देश दिए गए हैं कि वे स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित व स्वच्छ घाट तैयार करें।
एसएसपी राज करन नय्यर ने बताया कि शहर के मानसरोवर पोखरा, सूर्यकुंड, रामघाट, गोरखनाथ घाट, भीम सरोवर के साथ-साथ ग्रामीण अंचल के प्रमुख तालाबों और नदी घाटों पर भी पुलिस बल, पीएसी और यातायात कर्मियों की तैनाती की जाएगी। भीड़ नियंत्रण और निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का उपयोग किया जाएगा।
बैठक में एसपी सिटी अभिनव त्यागी, अपर आयुक्त अजय राय, एडीएम प्रशासन सहदेव मिश्रा, एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह सहित नगर निगम, पंचायत राज, जल निगम, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य और परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।