पुलिस के अनुसार, उसने बताया कि वह अगर दिनेश को नहीं मारता, वह उसकी हत्या कर देता। छह डिसमिल जमीन व तालाब के पट्टे को उसने विवाद की जड़ बताया। पुलिस पूछताछ में मिलीं जानकारियों और अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। साथ ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है।
बेलीपार थाने के भरवलिया गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर दिनेश निषाद की हत्या का मुख्य आरोपी जुगुल निषाद का बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। सोमवार रात मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने उसे पकड़ा था। मंगलवार शाम उसे जिला अस्पताल से बीआरडी रेफर किया गया।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, जुगुल से पूछताछ में पता चला कि उसने ही अन्य आरोपियों के साथ मिलकर दिनेश की गोली मारकर हत्या की थी। घटनास्थल पर पिस्टल इसलिए फेंकी, ताकि लगे कि दिनेश से बचने के लिए आत्मरक्षा में उसे गोली मारी गई है।
पुलिस के अनुसार, उसने बताया कि वह अगर दिनेश को नहीं मारता, वह उसकी हत्या कर देता। छह डिसमिल जमीन व तालाब के पट्टे को उसने विवाद की जड़ बताया। पुलिस पूछताछ में मिलीं जानकारियों और अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
साथ ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात जुगुल निषाद के बारे में पता चला कि वह जिला छोड़कर भागने की तैयारी में है। इसके बाद सीओ बांसगांव दरवेश कुमार व थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह टीम के साथ बांसगांव मुख्य मार्ग पर कुसमौल गांव के पास उसके आने का इंतजार करने लगे।
इसी बीच जुगुल बाइक से पहुंचा तो सीओ बांसगांव ने उसे रोकने की कोशिश की। इस पर जुगुल ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते उसके बाएं पैर में गोली मारकर पकड़ लिया। इसके बाद इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मंगलवार शाम उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जुगुल के पास से चार कारतूस और तमंचा बरामद हुआ है। एसएसपी राजकरन नय्यर ने बताया कि जुगुल निषाद ने पूछताछ में खुद की सुरक्षा को लेकर दिनेश की हत्या करने की बात स्वीकार की है।
पूछताछ में जुगुल ने बताया है कि हिस्ट्रीशीटर दिनेश से छह डिसमिल जमीन व तालाब के पट्टे को लेकर अदावत चल रही थी। दिनेश की हत्या के पीछे पहली वजह जुगुल से वर्षों से चले आ रहे जमीन का विवाद ही है। जहां तक तालाब के पट्टे की बात है, उसकी जांच कराई जा रही है।
दिनेश के भाई रमेश की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया था केस
बेलीपार थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह ने बताया कि दिनेश की हत्या के बाद उसके भाई रमेश की तहरीर पर आठ नामजद समेत 11 आरोपियों पर केस दर्ज किया गया था। मुख्य आरोपी जुगुल को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।