गोरखपुर। बक्शीपुर खंड में पिछले सप्ताह संविदा लाइनमैन सैइदुल्लाह 28 हजार रुपये घूस लेते पकड़ा गया। घूस लेने का वीडियो उपभोक्ता ने बनाकर फर्म और एक्सईएन को दिया था। अब लाइनमैन की सेवा समाप्त कर दी गई। सैइदुल्लाह दुर्गाबाड़ी केंद्र पर तैनात था।
सूत्रों ने बताया कि लाइनमैन पर दुर्गाबाड़ी क्षेत्र में पहले से भी आरोप लगते रहे हैं। आरोप है कि काटे गए बिजली कनेक्शन को बिना जिम्मेदार अधिकारियों की जानकारी के दोबारा जोड़ दिया जाता था। ऐसे ही एक उपभोक्ता ने एक्सईएन से पीडी के बदले रकम मांगे जाने की शिकायत की थी।
इसके बाद एक्सईएन ने अपनी गोपनीय टीम लाइनमैन के कामों की निगरानी पर लगवा दी। इसी बीच एक उपभोक्ता ने अपने कनेक्शन के संबंध में एक्सईएन से शिकायत की और बताया कि लाइनमैन की तरफ से घूस की मांग की जा रही है। इसमें कुछ और जिम्मेदारों के मिले होने की आशंका है। एक्सईएन ने शिकायत का संज्ञान लेकर कार्यदायी फर्म को मामले में जानकारी दी।
फर्म की तरफ से उपभोक्ता से संपर्क कर मामले में प्रमाण उपलब्ध कराने के लिए कहा गया। उपभोक्ता ने तय समय पर लाइनमैन को 28 हजार रुपये देते हुए का वीडियो फर्म और एक्सईएन को दिया। फर्म ने तत्काल लाइनमैन की सेवा समाप्त कर दी।