मेयर और नगर आयुक्त ने किया एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण
गोरखपुर। मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने शुक्रवार को नगर निगम के विकास कार्यों का निरीक्षण किया। एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर (एबीसी सेंटर) पर नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि शहर में आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए कम से कम चार डॉग कैचर टीमों को वाहनों के साथ तैयार कर लगाएं।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि एबीसी सेंटर के संचालन के लिए चयनित एजेंसी की ओर से अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है। नगर आयुक्त ने पशु कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि वह गाजियाबाद, लखनऊ एवं बरेली में चल रहे एबीसी सेंटर का निरीक्षण कर उसी के अनुसार यहां पर भी सेंटर चलाने के लिए फ्लोचार्ट तैयार करके सोमवार तक हर हाल में प्रस्तुत करें। कहा कि एनिमल कंट्रोल सेंटर का मोबाइल नंबर लोगों के बीच प्रचारित किया जाए जिससे लोग कॉल करके कुत्तों को पकड़वाने के लिए सूचना दे सकें। इसके अतिरिक्त शहरवासियों के पालतू कुत्तों के लिए पेट सैलून व पेट शॉप का टेंडर करने का निर्देश दिया।
राप्तीनगर में बन रहे स्मार्ट रोड देख जताई नाराजगी
राप्तीनगर में सीएम ग्रिड के तहत बन रहे स्मार्ट रोड के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्माण में कोई प्रगति न देख नाराजगी व्यक्त की। सहायक अभियंता शैलेश कुमार को कार्य को तेज गति से कराने का निर्देश दिया। शक्ति नगर वाॅर्ड के मयूर विहार कॉलोनी में बन रहे सड़क के निरीक्षण के दौरान पाया कि निर्माण कार्य पिछले कुछ दिनों से ठेकेदार ने बंद कर दिया गया है। नगर आयुक्त ने इसे शनिवार से हर हाल में शुरू करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता संजय चौहान एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।